रायपुर
चलती कार में लगी आग, बाल-बाल बचे सवार….

राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी चौक कालीबाड़ी इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि वाहन चालक की लापरवाही के चलते कार के नीचे सूखे नारियल और कचरे से भरी बोरी फंस गई थी, जिसके लगातार घर्षण से आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही कार में बैठे लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि सड़क पर अचानक आग लगने से आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।




