कार्बन प्लांट में भीषण ब्लास्ट, 9 महीने की बच्ची समेत 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित चोड़हा क्षेत्र में मंगल कार्बन प्लांट में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुराने टायरों को गलाने की प्रक्रिया के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आग और गर्म गैस की चपेट में आकर प्लांट में काम कर रहे मजदूर बुरी तरह झुलस गए। हादसे में कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक 9 महीने की मासूम बच्ची भी शामिल है।
विस्फोट के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल रायगढ़ भेजा गया। डॉक्टरों के मुताबिक कई घायलों का 70 से 80 प्रतिशत तक शरीर झुलस चुका है, जिससे उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। जरूरत पड़ने पर उन्हें बड़े अस्पतालों में रेफर किए जाने की तैयारी भी की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी या टायरों में अत्यधिक दबाव बढ़ना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। प्रशासन ने प्लांट को लेकर सुरक्षा मानकों की समीक्षा शुरू कर दी है और यह भी देखा जा रहा है कि क्या फैक्ट्री में श्रमिक सुरक्षा के नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा और मजदूरों की जान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




