कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पुलिस की “अनुभव” पहल को सराहा; बोले- प्रशासन के अन्य विभागों में भी है ऐसे सिस्टम की जरूरत..

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर रेंज पुलिस द्वारा नवाचार के तहत शुरू किए गए “अनुभव” फीडबैक सिस्टम के शुभारंभ अवसर पर जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इस डिजिटल सिस्टम की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि आम जनता की राय जानने और सेवाओं में सुधार करने के लिए इस तरह के ऐप की जरूरत न केवल पुलिस विभाग में, बल्कि संपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था में भी है।
प्रशासन में भी लागू करने का संकेत : पुलिस लाइन के चेतना हॉल में आयोजित कार्यक्रम मे लोकस्वर से बातचीत के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि अक्सर सरकारी कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को कई तरह के अनुभव होते हैं। यदि उनके पास अपनी बात सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुँचाने का माध्यम हो, तो व्यवस्थाओं को और अधिक पारदर्शी बनाया जा सकता है। उन्होंने आईजी रामगोपाल गर्ग की इस पहल को ‘गेम चेंजर’ बताते हुए कहा कि “इस अनुभव ऐप की कार्यप्रणाली को समझकर इसे प्रशासन के अन्य महत्वपूर्ण विभागों में भी लागू करने की आवश्यकता है।
बाईट – संजय अग्रवाल (कलेक्टर)
जनता का भरोसा बढ़ेगा : कलेक्टर ने कहा कि जब कोई व्यक्ति थाने या तहसील कार्यालय जाता है और वहां उसे उचित वातावरण मिलता है, तो उसका शासन-प्रशासन पर भरोसा बढ़ता है। “अनुभव” ऐप के जरिए मिलने वाला फीडबैक अधिकारियों को यह समझने में मदद करेगा कि जमीनी स्तर पर कर्मचारी जनता के साथ कैसा व्यवहार कर रहे हैं।
सुशासन की दिशा में बड़ा कदम : इस अवसर पर आईजी रामगोपाल गर्ग, संभागायुक्त सुनील जैन और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में कलेक्टर ने विश्वास जताया कि पुलिस की यह पहल बिलासपुर संभाग में सुशासन के एक नए अध्याय की शुरुआत करेगी। उनके इस बयान के बाद चर्चा शुरू हो गई है कि भविष्य में राजस्व, नगर निगम और अन्य जन-सुविधा वाले विभागों में भी क्यूआर कोड आधारित फीडबैक प्रणाली देखने को मिल सकती है।




