दुर्ग

महिला की अधजली लाश की गुत्थी सुलझी, आरोपी गिरफ्तार….

दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में महिला के अधजले शव की गुत्थी को पुलिस ने मात्र 24 घंटे में सुलझा लिया है। पुरई खेल मैदान के पास अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से हड़कंप मच गया था। घटना को पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर के रूप में लेते हुए चुनौती माना और छह विशेष टीमों का गठन कर जिले व आसपास के इलाकों की गुमशुदगी रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की गई।

Advertisement

जांच के दौरान सुपेला थाना क्षेत्र की उर्मिला निषाद की गुमशुदगी रिपोर्ट मिली। पुलिस ने सूचक विजय बांधे से पूछताछ की, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। मनोवैज्ञानिक पूछताछ में आरोपी विजय ने हत्या की वारदात कबूल की।

Advertisement

आरोपी के मुताबिक वह केटरिंग का काम करता है, जहां उर्मिला भी उसके साथ काम करती थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जबकि विजय पहले से शादीशुदा था और उसकी पत्नी गर्भवती थी। उर्मिला शादी के लिए दबाव बनाती थी, जिससे विवाद बढ़ता गया। इससे परेशान आरोपी ने प्रेमिका को रास्ते से हटाने की ठान ली।

विजय बांधे ने सुपेला हार्डवेयर लाइन से धारदार चापड़ खरीदा और पेट्रोल भी लिया। 7 दिसंबर की शाम वह उर्मिला को काम का बहाना बनाकर उतई क्षेत्र के सुनसान मैदान में ले गया। वहीं दोनों के बीच विवाद बढ़ा तो विजय ने गले पर चापड़ से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद पेट्रोल डालकर शव को आग लगा दी और पैरा डालकर सबूत को नष्ट करने की कोशिश की।

पुलिस ने आरोपी के खून से सने कपड़े जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने सिर्फ 24 घंटों में अंधे कत्ल का राज़ खोलकर मृतका की पहचान और आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।

पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है। यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button