नए साल से पहले पुलिस महकमे को बड़ी सौगात, राज्य पुलिस सेवा के 16 अधिकारी बने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

रायपुर – साल के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे के लिए राहत और उत्साह भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अनुशंसा पर और उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा की विशेष पहल से राज्य पुलिस सेवा के 16 अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नति दी गई है।
गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक विभागीय पदोन्नति एवं छानबीन समिति की अनुशंसा के आधार पर वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान प्राप्त इन अधिकारियों को उप पुलिस अधीक्षक अथवा सहायक सेनानी के पद से स्थानापन्न रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक या उप सेनानी के पद पर पदोन्नत किया गया है।
पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में रितेश चौधरी, जितेन्द्र कुमार खूंटे, अंजली नाग (गुप्ता), कर्ण कुमार उके, मनोज कुमार ध्रुव, पुष्पेन्द्र नायक, मनोज तिर्की, सारिका वैद्य, निधि नाग, कपिल चन्द्रा, अविनाश कुमार मिश्रा, ईश्वर प्रसाद त्रिवेदी, योगेश कुमार साहू, मयंक तिवारी, रश्मीत कौर चांवला और अनिल कुमार विश्वकर्मा शामिल हैं।
पुलिस विभाग में इसे वर्ष के अंत में मिली बड़ी सौगात माना जा रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों में इस फैसले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं सरकार के इस कदम को मनोबल बढ़ाने वाला निर्णय बताया जा रहा है।




