विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर बड़ा हादसा टला, पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर मालगाड़ी पर गिरा….

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से सटी आंध्र प्रदेश सीमा के विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई है। किरंदुल-कोट्टावालसा रेल लाइन के अरकू खंड में आज तड़के एक मालगाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
बताया जा रहा है कि तड़के करीब चार बजे तयाडा और चिमडिपल्ली स्टेशन के बीच अचानक पहाड़ से एक विशाल पत्थर टूटकर ट्रैक पर आ गिरा। उसी वक्त किरंदुल से लौह अयस्क लेकर विशाखापट्टनम जा रही मालगाड़ी वहां से गुजर रही थी। देखते ही देखते चट्टान सीधे इंजन पर गिर पड़ी। इंजन को भारी नुकसान हुआ लेकिन बड़ी राहत की बात ये रही कि ड्राइवर और सहायक चालक दोनों सुरक्षित हैं।
हादसे के बाद पूरे ट्रैक पर यातायात रोक दिया गया है। रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर लाइन दुरुस्त करने में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि अनंतगिरी घाट क्षेत्र में भू-स्खलन के कारण यह हादसा हुआ है।
घटना स्थल जगदलपुर से करीब 240 किलोमीटर दूर स्थित है। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है और देर शाम तक ट्रैक पर आवाजाही सामान्य हो जाएगी।




