कोर्ट परिसर में महिलाओं के दो गुटों में जमकर मारपीट, आधे घंटे तक चला हंगामा

राजधानी रायपुर के कोर्ट परिसर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खुले कोर्ट में ही दो महिला गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना ने न सिर्फ कोर्ट परिसर की शांति भंग की, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र के देवर बस्ती की महिलाओं से जुड़ा हुआ है। दोनों पक्ष किसी मामले की सुनवाई के सिलसिले में कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
महिलाएं एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगीं, जिससे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि यह हंगामा करीब आधे घंटे तक चलता रहा।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कोर्ट परिसर में ही दोनों गुटों के बीच मारपीट हो रही है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और कोर्ट के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और किसी तरह हालात पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मारपीट में शामिल महिलाओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इतनी बड़ी झड़प के दौरान सुरक्षा इंतजाम कहां थे।




