शराब के नशे में बेटे ने पिता पर टांगिया से किया हमला, हत्या की कोशिश का मामला दर्ज

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में शराब की लत ने एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर दिया। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम सागर में नशे में धुत एक युवक ने अपने ही पिता पर टांगिया से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सागर निवासी और गांव के कोटवार छोटेलाल रात्रे ने अपने बेटे चंद्र कुमार को शराब छोड़कर काम करने और अपनी आदतें सुधारने की समझाइश दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने घर में रखी टांगिया उठाकर पिता पर हमला कर दिया। हमले में छोटेलाल रात्रे के हाथ और कमर के पास गंभीर चोटें आईं। घायल पिता किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले और ग्रामीणों की मदद से 108 एंबुलेंस से तखतपुर अस्पताल पहुंचाए गए, जहां उनका इलाज किया गया।
इलाज के बाद छोटेलाल रात्रे ने सकरी थाने में बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी चंद्र कुमार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




