ऑपरेशन साइबर शील्ड: फर्जी सिम रैकेट का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी सिम कार्ड रैकेट का खुलासा किया है… इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है… जो फर्जी सिम कार्ड के जरिए देशभर में साइबर ठगी को अंजाम देने वाले गिरोह से जुड़े थे।
पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में सामने आया कि आरोपी प्री-एक्टिवेटेड और फर्जी तरीके से सिम कार्ड जारी कर साइबर अपराधियों को बेचते थे… इन सिम का इस्तेमाल टेलीग्राम टास्क फ्रॉड, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, फेक सोशल मीडिया और शेयर ट्रेडिंग जैसे मामलों में किया जा रहा था… जांच में 300 से अधिक संदिग्ध सिम कार्ड की जानकारी मिली है।
मामला थाना माना और आजाद चौक से जुड़ा है, जहां 20 लाख और 6 लाख से ज्यादा की साइबर ठगी दर्ज की गई थी… जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर रायपुर, दुर्ग, बलौदा बाजार और पश्चिम बंगाल से जुड़े 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया… जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ग्राहकों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर ई-केवाईसी के जरिए अतिरिक्त सिम एक्टिवेट करते थे… और इन्हें मोटी रकम में साइबर ठगों को बेच देते थे… फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि साइबर अपराध पर नकेल कसने के लिए अभियान लगातार जारी है… और ऐसे गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।




