सेंट्रल जेल में सजायाफ्ता कैदी की संदिग्ध मौत

रायपुर सेंट्रल जेल में सजा काट रहे कैदी की इलाज के दौरान संदिग्ध मौत हो गई। मृतक कैदी की पहचान दिनेश कुमार देशमुख के रूप में हुई है।जानकारी के मुताबिक, दिनेश कुमार देशमुख को 26 दिसंबर को दुर्ग जेल से रायपुर सेंट्रल जेल लाया गया था। जेल में उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक कैदी रेप के मामले में सजा काट रहा था। कैदी की मौत के बाद परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण कैदी की जान गई।
वहीं मामले की जानकारी मिलते ही गंज थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।फिलहाल कैदी की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।




