करेलों के ढेर में छिपा था कोबरा….सब्जी खरीद रहे युवक को डसा

(प्रदीप भोई) : बिलासपुर के नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सब्जी खरीद रहे एक युवक को करेलों के ढेर में छिपे जहरीले कोबरा ने डस लिया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और युवक को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, बहतराई निवासी बिहारी साहू मुंगेली नाका से लौटते समय नेहरू नगर साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने रुके थे। वह करेला चुन रहे थे, तभी करेलों के बीच छिपा कोबरा अचानक बाहर निकला और उनके बाएं हाथ की उंगली पर डस लिया। युवक दर्द से चीख पड़ा, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद बाजार में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोबरा काफी देर तक फन फैलाकर फुफकारता रहा, जिससे लोग अपनी दुकानें छोड़कर दूर भागने लगे। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से युवक की हालत फिलहाल स्थिर है। बरसात के मौसम में ऐसे मामलों को देखते हुए लोगों से सब्जियां और अन्य सामान खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।




