नदी में तैरता मिला अज्ञात युवक का शव, जाँच में जुटी पुलिस

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – कोनी के समृद्धि विहार के पास अरपा नदी में एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। करीब 25 से 30 वर्ष की उम्र के युवक का शव नदी में तैरता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शहर के समृद्धि विहार के पास अरपा नदी में शव मिलने की सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। मृतक की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव कई घंटों से पानी में डूबा होने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके।
पुलिस द्वारा आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट का मिलान किया जा रहा और यह भी पता लगाने का प्रयास हो रहा है कि युवक की मौत डूबने से हुई है या फिर इसके पीछे कोई और कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा है, आत्महत्या है या फिर किसी अन्य घटना का परिणाम।




