जांजगीर-चाम्पा

चांपा रेलवे स्टेशन का बदला स्वरूप, यात्रियों को मिली आधुनिक सुविधाएं, पीएम मोदी ने किया वर्चुअल उद्घाटन

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : जांजगीर-चांपा जिले के चांपा रेलवे स्टेशन को अब नया और आधुनिक स्वरूप मिल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण किया, जिसमें बिलासपुर मंडल का चांपा स्टेशन भी शामिल रहा। 13 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस स्टेशन में यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चांपा रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल लोकार्पण किया।

Advertisement

चांपा स्टेशन में आयोजित समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) मुदित भटनागर समेत कई जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय कलाकारों और स्कूली विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद अमृत भारत स्टेशन योजना पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई और प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से चांपा स्टेशन का आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन भवन को स्थानीय संस्कृति और आधुनिक वास्तुकला के समन्वय से विकसित किया गया है।

Advertisement

यात्रियों की सुविधा के लिए नए प्लेटफॉर्म शेड, बेहतर प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड, अत्याधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, बेहतर पार्किंग और आकर्षक सर्कुलेटिंग एरिया तैयार किया गया है। दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ और सुगम आवागमन की विशेष व्यवस्था भी की गई है। रेलवे का कहना है कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह स्टेशन न केवल यात्रियों की यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार देगा।

Related Articles

Back to top button