पेंड्रा बाईपास का मामला विधानसभा में गूंजा, विधायक धरमजीत सिंह ने उठाया ध्यानाकर्षण प्रस्ताव

(शैलेष सोनी ) : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। वर्षों से लंबित पेंड्रा बाईपास निर्माण का मामला अब छत्तीसगढ़ विधानसभा तक पहुंच गया है। तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह ने विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से पेंड्रा बाईपास निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
विधानसभा में अपनी बात रखते हुए विधायक धरमजीत सिंह ने कहा कि वर्ष 2018 में स्वीकृत पेंड्रा बाईपास का निर्माण आज तक शुरू नहीं हो सका है, जबकि नगरवासियों को भारी यातायात, लगातार सड़क दुर्घटनाओं और जाम जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर जिला प्रेस क्लब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के नेतृत्व में पत्रकारों को क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठना पड़ रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने का आग्रह करते हुए कहा कि पेंड्रा बाईपास के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत कर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सके।




