सड़क हादसों पर लगाम की तैयारी, ब्लैक स्पॉट का प्रशासन ने किया संयुक्त निरीक्षण

जांजगीर-चांपा जिले में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस और संबंधित विभाग अब एक्शन मोड में हैं। बलौदा क्षेत्र के दुर्घटनाजन्य और ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने पीडब्ल्यूडी, आरटीओ और स्थानीय अधिकारियों के साथ बलौदा क्षेत्र के बुडगहन, सराईसिंगार, डोंगरी और बलौदा पहारिया सहित कई दुर्घटनाजन्य स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की स्थिति, मोड़, संकेतक, रोड मार्किंग और यातायात व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण में तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी, चेतावनी संकेतकों की कमी, अतिक्रमण और खराब सड़क संरचना को हादसों की प्रमुख वजह माना गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को स्पीड ब्रेकर, नए संकेतक, सड़क मरम्मत और अतिक्रमण हटाने जैसे सुधारात्मक कदम जल्द उठाने के निर्देश देने की बात कही है। साथ ही लोगों से भी यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की गई।



