करगी रोड स्टेशन पर टला बड़ा रेल हादसा, मालगाड़ी के डिब्बे बेपटरी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर रेल मंडल के करगी रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को बड़ा रेल हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर एक मालगाड़ी के 3 डिब्बे पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, आरपीएफ और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक बहाली का काम शुरू कर दिया गया।
हादसा कोटा क्षेत्र के करगी रोड रेलवे स्टेशन पर उस समय हुआ, जब एक मालगाड़ी के 3 डिब्बे अचानक बेपटरी हो गए। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के दौरान डिब्बों के नीचे एक जेसीबी मशीन का बकेट फंसा हुआ मिला, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के पास चल रहे कार्य के दौरान जेसीबी का बकेट मालगाड़ी की चपेट में आ गया। वहीं कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कुछ युवक जेसीबी का बकेट रेलवे लाइन पार करा रहे थे, तभी मालगाड़ी उससे टकरा गई और बकेट डिब्बों में फंस गया, जिससे 3 डिब्बे पटरी से उतर गए।
हालांकि, रेलवे प्रशासन ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल ट्रैक बहाल कर रेल संचालन सामान्य करने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया गया।




