जिला अस्पताल के डायलिसिस वॉर्ड में बड़ी लापरवाही, मशीन से जमीन पर बहता रहा मरीज का खून, वॉर्ड से पूरा स्टाफ रहा नदारद.

(जयेंद्र गोले) : बिलासपुर – जिला अस्पताल में डायलिसिस के दौरान कथित लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि डायलिसिस मशीन से मरीज के शरीर में जाने वाला खून जमीन पर बहता रहा, जबकि उस समय डायलिसिस कक्ष में कोई स्टाफ मौजूद नहीं था। मरीज और उसके परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
जिला अस्पताल मे यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी इसी मरीज के डायलिसिस के दौरान खून रिसने की शिकायत सामने आ चुकी थी। इस बार जब मशीन से खून लगातार बाहर निकलता रहा, तो मरीज ने स्टाफ को आवाज लगाई, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद मरीज ने अपने नाती को फोन कर बुलाया। मौके पर पहुंचकर परिजन ने जमीन पर फैला खून देखा तो वह भी हैरान रह गया। कुछ देर बाद पहुंचे एक कर्मचारी ने खून साफ किया।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद जब उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से शिकायत करनी चाही तो संबंधित प्रबंधक छुट्टी पर मिले और आरएमओ भी मौजूद नहीं थे। वहीं, डायलिसिस प्रभारी डॉ. अनिल गुप्ता से बात करने की कोशिश करने पर भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि वीडियो बनाने पर उन्हें फटकार लगाई गई और मानहानि का नोटिस भेजने की चेतावनी भी दी गई।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मरीज की सुरक्षा और उपचार व्यवस्था की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? इस पूरे मामले में जिला अस्पताल प्रबंधन क्या कार्रवाई करता है, मरीज को बेहतर उपचार कैसे सुनिश्चित किया जाता है और यदि लापरवाही हुई है तो जिम्मेदारों पर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।




