बिलासपुर

हाईटेंशन लाइन से टकराया बिजली का पोल, करंट की चपेट में आए 5 मजदूर

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – नगर निगम क्षेत्र के सिरगिट्टी वार्ड में स्ट्रीट लाइट के लिए बिजली का पोल खड़ा करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कार्य के दौरान लोहे का पोल ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे तेज करंट फैल गया और पोल को पकड़कर काम कर रहे पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं। सभी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Advertisement

दरअसल सिरगिट्टी मुख्य रोड आदर्श नगर पानी टंकी के पास नगर निगम की ओर से स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य चल रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे मजदूर पोल खड़ा कर रहे थे। इसी दौरान पोल अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। देखते ही देखते पूरे पोल में करंट दौड़ गया और उसे संभाल रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहाँ उनकी इलाज जारी है।सभी मजदूर मध्यप्रदेश के मंडला जिले के निवासी बताए गए हैं और नगर निगम के स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य में लगे हुए थे।

Advertisement

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मजदूरों के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और सेफ्टी गियर नहीं थे। साथ ही हाईटेंशन लाइन के नीचे कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन भी नहीं किया गया, जिससे यह गंभीर हादसा हुआ। अब बड़ा सवाल है कि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया और लापरवाही किस स्तर पर हुई। यदि जांच में किसी अधिकारी, ठेकेदार या जिम्मेदार एजेंसी की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी? घटना ने एक बार फिर निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button