स्पा सेंटरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 10 सेंटरों की आकस्मिक जांच

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने पश्चिम क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों पर विशेष आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 10 स्पा सेंटरों की जांच कर नियमों के पालन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल के निर्देश पर एडीसीपी राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की संयुक्त टीम ने सरस्वती नगर, आजाद चौक और डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के स्पा सेंटरों में निरीक्षण किया। चेकिंग के दौरान कर्मचारियों के पहचान पत्र, आगंतुकों का रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य वैधानिक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।
पुलिस ने स्पा संचालकों को कर्मचारियों का सत्यापन कराने, सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखने और सीसीटीवी कैमरे नियमित रूप से चालू रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि नियमों के उल्लंघन या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




