तितली चौक के नाले में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी, पहचान कार्यवाई में जुटी पुलिस

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे परिक्षेत्र स्थित तितली चौक के पास एक नाले में अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। मृतका की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है।
महिला की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। तोरवा पुलिस ने मृतका की तस्वीर जिले और आसपास के जिलों के सभी थानों में भेजी है। साथ ही दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और लोगों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और महिला की पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हर पहलू से जांच जारी है और पुलिस इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।




