बिलासपुर

मानसिक चिकित्सालय को मिली नई ताकत, 12 पदों पर हुई नियुक्ति

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर – राज्य में लगातार बढ़ रहे मानसिक रोगियों की संख्या को देखते हुए राज्य शासन ने बड़ी पहल की है। वर्षों से खाली पड़े पदों के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब शासन ने राज्य मानसिक चिकित्सालय में 12 नए पदों पर नियुक्ति को मंजूरी देते हुए भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली है।

Advertisement

मानसिक चिकित्सालय में लंबे समय से विशेषज्ञों की कमी बनी हुई थी। दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को काउंसलिंग और उपचार के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। स्टाफ की कमी के चलते अस्पताल प्रबंधन पर भी अतिरिक्त दबाव बना रहता था।

Advertisement

इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन ने मनोरोग काउंसलर, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और पैथोलॉजिस्ट सहित करीब एक दर्जन पदों पर नई नियुक्तियां की हैं। इनमें 9 क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, एक मनोरोग काउंसलर और एक पैथोलॉजिस्ट सहित अन्य पद शामिल हैं। नई नियुक्तियों के बाद अब भर्ती मरीजों और बाहरी रोगियों को बेहतर और त्वरित उपचार मिल सकेगा। मरीजों की नियमित काउंसलिंग होने से मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही हैं । अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि नए विशेषज्ञों की जॉइनिंग से इलाज की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और व्यवस्थित होगी। इससे मरीजों के साथ-साथ अस्पताल स्टाफ को भी राहत मिलेगी और मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।

Related Articles

Back to top button