बिलासपुर

रतनपुर में भीषण आग के बीच सिलेंडर ब्लास्ट, पड़ोसी गंभीर रूप से घायल

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – रतनपुर स्थित कृष्णा अर्जुनी तालाब के पास बुधवार शाम एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, घरेलू सामान और बाहर खड़ी मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग की ऊंची लपटें और धुआं देखकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।आग पर काबू पाने के लिए आसपास के लोग अपने स्तर पर प्रयास कर रहे थे।

Advertisement

इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कपिल यादव बगल के मकान की छत पर चढ़कर पानी डाल रहे थे। तभी घर के भीतर रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।सिलेंडर विस्फोट की चपेट में आने से कपिल यादव संतुलन खोकर छत से नीचे गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। स्थानीय लोगों और रतनपुर पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल रतनपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस, वार्ड पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है, जबकि इस हादसे में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।

 

Related Articles

Back to top button