आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने बिलासपुर रेंज के पुलिस अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक, लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – सोमवार को बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला ने रेंज अंतर्गत जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित अपराधों, महिलाओं व बच्चों से संबंधित अपराधों, संपत्ति अपराध, मर्ग जांच, विभागीय कार्यवाहियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तृत समीक्षा की गई।
आईजी डॉ. शुक्ला ने गंभीर अपराधों के त्वरित और विधिसम्मत निराकरण पर जोर देते हुए निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों को समयावधि के भीतर निपटाया जाए। थानों में लंबित चालानों की समीक्षा कर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई करने, मादक पदार्थों की बरामदगी बढ़ाने और अवैध अस्त्र-शस्त्रों पर सख्त अंकुश लगाने पर बल दिया गया।
उन्होंने पुलिस बल में अनुशासन कायम रखने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निपटारे, और विभागीय जांचों के त्वरित निराकरण हेतु भी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों का विश्लेषण कर, संबंधित विभागों के समन्वय से सुधारात्मक कार्यवाही कराने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।
बैठक में जोनल पुलिस अधीक्षक दीपमाला कश्यप ने “नेटग्रिड प्रोजेक्ट” की कार्य प्रणाली और उसके प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल, पुलिस अधीक्षक रायगढ़ दिव्यांग पटेल, पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी, पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ अंजनेय वार्ष्नेय, पुलिस अधीक्षक सक्ती अंकिता शर्मा और जोनल पुलिस अधीक्षक दीपमाला कश्यप समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




