मनेन्द्रगढ़ उप जेल का औचक निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और विधिक सहायता का लिया गया जायजा

(रामप्रसाद गुप्ता) : एमसीबी जिले की उप जेल मनेन्द्रगढ़ का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश योगेश पारिक के नेतृत्व में जिला स्तरीय निरीक्षण समिति ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं, विधिक सहायता और जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण समिति ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
निरीक्षण के दौरान समिति ने जेल में बिस्तर, स्वच्छता, शौचालय, पेयजल, भोजन की गुणवत्ता और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी बंदियों को समय पर विधिक सहायता मिले और उनके साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न किया जाए।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जेल में संचालित लीगल एड क्लीनिक की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बंदियों के अधिकारों की रक्षा और न्याय तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत विजिटर बोर्ड द्वारा प्रत्येक तिमाही जेलों का नियमित निरीक्षण किया जाता है, ताकि बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर मिलती रहें।




