छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय….अगले 7 दिन बारिश का दौर, भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। 30 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे प्रदेश को कवर कर लिया है और 1 जुलाई से इसके और अधिक सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है।
पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। कुसमी में सबसे अधिक 9 सेंटीमीटर, जबकि कोटाडोल और पखांजूर में 7 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बिलासपुर, तखतपुर, कोटा, रायगढ़, दंतेवाड़ा, अंबिकापुर समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से लेकर उत्तर बंगाल की खाड़ी तक एक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। वहीं बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
मौसम विभाग ने कल के लिए अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा, तेज गर्जना, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। अगले दो से सात दिनों तक भी प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान मुख्यतः मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, फिलहाल मानसून पूरी तरह रफ्तार पकड़ चुका है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।



