टेंट लगाते समय करंट की चपेट में आया युवक, मौके पर हुई मौत

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के तिफरा इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ग्रैंड लोटस परिसर में टेंट लगाने का काम कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक चांटीडीह निवासी रौशन होटल और आयोजनों में टेंट लगाने का काम करता था। तिफरा स्थित ग्रैंड लोटस परिसर में वह लोहे के पाइप पर कपड़ा बांध रहा था। इसी दौरान पाइप में अचानक करंट प्रवाहित हो गया और रौशन उसकी चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
साथियों ने तत्काल उसे सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




