बिलासपुर

बढ़ते अपराध के सवाल पर गृह मंत्री का जवाब : हर अपराध पर हो रही त्वरित कार्रवाई, पुलिस व्यवस्था होगी और मजबूत

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध और साइबर क्राइम को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने सरकार का पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में घटनाएं हो रही हैं, लेकिन हर मामले में पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है। साथ ही साइबर अपराध से निपटने के लिए फॉरेंसिक व्यवस्था और डायल-112 जैसी सेवाओं को भी और मजबूत किया जा रहा है।

Advertisement

बिलासपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि किसी भी अपराध का आकलन केवल चर्चाओं से नहीं, बल्कि वास्तविक आंकड़ों के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां भी घटनाएं हुई हैं, वहां पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई है। सरकार का लक्ष्य कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। गृह मंत्री ने कहा कि डिजिटल लेन-देन में भारत दुनिया में अग्रणी है, इसलिए साइबर अपराध भी बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। इसे देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार आधुनिक फॉरेंसिक जांच, डिजिटल साक्ष्य संग्रह और तकनीकी संसाधनों को मजबूत कर रही है।

 

उन्होंने यह भी बताया कि डायल-112 सेवा अब पूरे छत्तीसगढ़ में लागू कर दी गई है और 400 नए वाहन तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तेजी से मौके पर पहुंचकर लोगों को सहायता उपलब्ध करा सके। गृह मंत्री के इस बयान के बाद सरकार ने साफ कर दिया है कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ने और त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम को मजबूत करने पर लगातार काम किया जा रहा है। अब देखना होगा कि इन प्रयासों का असर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर कितना दिखाई देता है। हेडलाइन

Related Articles

Back to top button