रायगढ़
विंडो एसी के कम्प्रेसर में धमाका, धुएं से दम घुटने पर पिता की मौत, बेटा गंभीर

रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर आवास में एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय पुरुषोत्तम पटेल की मौत हो गई, जबकि उनका 19 वर्षीय बेटा राजबीर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि देर रात पिता-पुत्र कमरे में विंडो एसी चलाकर सो रहे थे। इसी दौरान भोर करीब साढ़े चार बजे एसी के कम्प्रेसर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद लगी आग से कमरे के बाहर खड़े स्कूटर और मोटरसाइकिल भी चपेट में आ गए। आग और धुएं से पूरा कमरा भर गया, जिससे दोनों बेहोश हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और चक्रधरनगर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पुरुषोत्तम पटेल को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजबीर पटेल का इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




