बिलासपुर

पुलिस को रिश्वत देने के नाम पर ठगे 1 लाख, एक आरोपी गिरफ्तार

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर में पुलिस अधिकारियों को पैसा देने के नाम पर एक युवक को डरा-धमकाकर लाखों रुपये की उगाही करने वाले गिरोह पर तारबाहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।

Advertisement

तारबाहर थाना क्षेत्र में दर्ज मामले के अनुसार महासमुंद जिले के सरायपाली निवासी रूपेश पटेल 19 जून को निजी काम से बिलासपुर आए थे। इस दौरान दो महिला मित्रों के साथ हुए विवाद के बाद वे थाना तारबाहर पहुंचे। घबराहट में उन्होंने अपने दोस्त सचिन मेहर को फोन कर घटना की जानकारी दी। आरोप है कि सचिन मेहर और सुमित देवांगन ने इस जानकारी का फायदा उठाते हुए प्रार्थी के परिवार को फोन किया और पुलिस अधिकारियों को पैसा देने का झांसा देकर 5 लाख रुपये की मांग की।

 

डर के कारण प्रार्थी के परिजनों ने एक लाख रुपये सुमित देवांगन के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी लगातार चार दिनों तक शेष 4 लाख रुपये देने के लिए धमकियां देते रहे। शिकायत मिलने पर तारबाहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल व सीएसपी गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सुमित देवांगन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने एक लाख रुपये अपने खाते में लेना और बाद में रकम को दूसरे आरोपी के खाते में ट्रांसफर करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button