बिलासपुर

चरित्र शंका में पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश, पेट्रोल डालकर आग लगाने के बाद फरार हुआ पति

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी पति वारदात के बाद से फरार है।

Advertisement

मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम रेलहा भट्ठा का है। जानकारी के अनुसार देर रात करीब ढाई बजे आरोपी जनीराम यादव ने पहले बच्चों के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद आंगन में सो रही अपनी पत्नी मोंगरा बाई यादव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगते ही महिला चीख-पुकार करने लगी और खुद को बचाने के लिए रेत पर लोट गई।

 

आग से गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति लंबे समय से उसके चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

 

सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि आरोपी फरार है, जिसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button