बिलासपुर

हाईवे पर सनरूफ से स्टंट करना पड़ा महंगा, पुलिस ने जब्त की कार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर- सोशल मीडिया पर वायरल स्टंटबाजी के एक मामले में चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर तेज रफ्तार क्रेटा कार के सनरूफ में बैठकर जानलेवा स्टंट करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया है।

Advertisement

मामला 21 जून की देर रात का है। रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिर्री माइंस के पास एक क्रेटा कार में सवार युवक चलती गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंटबाजी कर रहा था। इस दौरान कार तेज रफ्तार में दौड़ रही थी और जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। घटना का वीडियो सामने आने और शिकायत मिलने के बाद चकरभाठा पुलिस हरकत में आई।

 

पुलिस ने वाहन क्रमांक CG-10-BE-4400 को ट्रेस कर जब्त कर लिया। जांच में वाहन चालक की पहचान प्रशांत जायसवाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी पुराना बस स्टैंड क्षेत्र, बिलासपुर के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान युवक ने यातायात नियमों का उल्लंघन करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की।

 

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों की जान को भी खतरे में डालती है। पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए जान जोखिम में डालने वाले ऐसे करतबों से बचने की अपील की है।फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा के लिहाज से एक सख्त संदेश माना जा रहा है कि हाईवे पर स्टंटबाजी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button