बिलासपुर

तिफरा ओवरब्रिज पर भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, एक घायल

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – तिफरा ओवरब्रिज पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन की तलाश में जुटी है।

Advertisement

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तिफरा फ्लाईओवर ब्रिज पर बाइक से जा रहे दो युवकों को अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे एक छोटा हाथी वाहन से जा टकराई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे और सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ओवरब्रिज पर यातायात को नियंत्रित करते हुए सड़क पर पड़े क्षतिग्रस्त वाहन और अन्य सामान को हटवाया। पुलिस ने बाइक को जब्त कर थाने भेज दिया है।

 

प्रारंभिक जांच में अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होना सामने आया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।तिफरा ओवरब्रिज पर हुआ यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button