बिलासपुर

अमृत भारत योजना से बदलेगी उस्लापुर स्टेशन की तस्वीर, केंद्रीय राज्य मंत्री ने किया निरीक्षण

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्र सरकार के प्रगति पथ यात्रा के तहत अमृत भारत स्टेशन योजना में विकसित किए जा रहे उस्लापुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, रेलवे के डीआरएम और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया गया।

Advertisement

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उस्लापुर रेलवे स्टेशन का चरणबद्ध तरीके से कायाकल्प किया जा रहा है। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित रहा है। इसी कड़ी में रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का काम तेजी से किया जा रहा है। उस्लापुर स्टेशन के प्रथम चरण में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किए गए हैं, जबकि दूसरे चरण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं का विस्तार, आधुनिक प्रतीक्षालय, खानपान सुविधाएं, सुगम आवागमन और सौंदर्यीकरण के कार्य किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी दी।

 

तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि विधायक बनने के बाद उन्होंने उस्लापुर स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कराने का प्रयास किया था। योजना के तहत स्टेशन में व्यापक विकास कार्य हुए हैं, जिससे यात्रियों को पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। स्टेशन में प्रतीक्षालय, रेस्टोरेंट और अन्य यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जिससे यह बिलासपुर के एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित हो रहा है।रेलवे अधिकारियों के अनुसार अमृत भारत स्टेशन योजना के अगले चरण में स्टेशन के और विस्तार तथा अतिरिक्त सुविधाओं के विकास का कार्य किया जाएगा। इससे उस्लापुर स्टेशन की क्षमता बढ़ेगी और क्षेत्र के हजारों यात्रियों को आधुनिक एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सकेगा।

Related Articles

Back to top button