भाई को छुड़ाने के नाम पर ठगी, बिलासपुर की महिला से 48 हजार रुपये ऐंठे, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर में साइबर ठगों ने एक महिला को उसके भाई के नाम पर ऐसा झांसा दिया कि वह 48 हजार रुपये से ज्यादा की ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने खुद को अधिकारी बताकर महिला को बताया कि उसका भाई ऑस्ट्रेलिया से सोना लेकर भारत आया था और दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया है। भाई को छोड़ाने के नाम पर ठगों ने महिला से अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करा ली। मामले की शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंधी मोहल्ला गोडपारा का है। जानकारी के अनुसार पूनम ठारवानी को 17 जून की सुबह व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वालों ने खुद को एयरपोर्ट और कस्टम विभाग का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका भाई ऑस्ट्रेलिया से सोना लेकर भारत आया था, जिसे दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया है। ठगों ने महिला को डराते हुए तत्काल जुर्माना जमा करने की बात कही।
भाई की चिंता में महिला ठगों की बातों में आ गई और पहले 30 हजार रुपये तथा बाद में 18 हजार 350 रुपये अलग-अलग यूपीआई खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब आरोपियों ने और पैसे की मांग शुरू की, तब महिला को शक हुआ। परिजनों से संपर्क करने पर उसे पता चला कि उसके भाई के साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी है।
पीड़िता के भाई की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच कर साइबर ठगों की तलाश कर रही है। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या पैसों की मांग करने वाले संदेश पर बिना सत्यापन भरोसा न करें और किसी भी परिस्थिति में जल्दबाजी में पैसे ट्रांसफर न करें।
बिलासपुर में साइबर ठगों का यह नया तरीका लोगों के लिए चेतावनी है। एक झूठी कहानी और भावनात्मक दबाव बनाकर ठग मिनटों में लोगों की मेहनत की कमाई हड़प रहे हैं। ऐसे मामलों से बचने के लिए सतर्कता और जानकारी ही सबसे बड़ा बचाव है।




