रिसॉर्ट के बाथरूम में मिला युवती का शव, दोस्तों के फरार होने से मौत पर गहराया रहस्य….!

राजनांदगांव जिले के मनगट्टा स्थित व्हिसलिंग वुड रिसॉर्ट में भिलाई की 24 वर्षीय युवती मुस्कान तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मुस्कान भिलाई-3 की रहने वाली थी और एक मल्टीप्लेक्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत होने के साथ-साथ मॉडलिंग की भी शौकीन थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मुस्कान अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने रायपुर के एक क्लब गई थी। देर रात सभी दोस्त वापस लौटते समय मनगट्टा स्थित व्हिसलिंग वुड रिसॉर्ट पहुंचे, जहां वे भोजन कर रहे थे। इसी दौरान मुस्कान काफी देर तक नजर नहीं आई। तलाश करने पर उसे रिसॉर्ट के बाथरूम में अचेत अवस्था में पाया गया। दोस्तों ने तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि मुस्कान के साथ रिसॉर्ट पहुंचे उसके कई साथी सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए। साथियों के इस तरह अचानक गायब होने से घटना और भी संदिग्ध हो गई है। सूचना मिलने पर सोमनी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। रिसॉर्ट कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार साथियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।




