नकली शराब सिंडिकेट पर पुलिस का बड़ा एक्शन, फरार मास्टरमाइंड विनय ठाकुर के घर नोटिस चस्पा

रायगढ़ में नकली शराब के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। ग्राम धनागर में 240 लीटर नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने के बाद अब पुलिस फरार मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर की तलाश में जुटी हुई है। बुधवार को पुलिस ने आरोपी के विकास नगर स्थित घर पर दबिश देकर नोटिस चस्पा किया और तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि 8 जून को रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर में संचालित नकली शराब के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। कार्रवाई के दौरान करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट, फर्जी लेबल, होलोग्राम और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई थी। मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में विनय सिंह ठाकुर का नाम सामने आने पर उसे मुख्य साजिशकर्ता बताया था।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस अब फरार आरोपी की चल-अचल संपत्तियों का ब्यौरा भी तैयार कर रही है। पुलिस का कहना है कि नकली शराब का कारोबार आम लोगों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर अपराध है और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए तलाश जारी है।




