बिलासपुर

गैरेज में खड़ी ट्रक से चोरी हुए चार टायर बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर। ट्रक से चोरी हुए चार टायरों के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार टायर, डिस्क सहित तथा घटना में प्रयुक्त वाहन और औजार भी बरामद किए गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार महमंद निवासी दीपक मरकाम ने अपनी ट्रक क्रमांक सीजी 04 पीएच 0757 को मरम्मत के लिए विश्वकर्मा गैरेज में खड़ा किया था। 10 जून 2026 की सुबह गैरेज के चौकीदार ने सूचना दी कि ट्रक के पीछे लगे जेके कंपनी के चारों टायर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई।

Advertisement

विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भोजपुरी टोल प्लाजा के पास तीन युवक ट्रकों के टायर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों संदिग्धों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

 

गिरफ्तार आरोपियों में ऋषि धीवर (27 वर्ष) निवासी सेमरताल थाना कोनी, संदीप कश्यप (32 वर्ष) निवासी गढ़वट थाना रतनपुर तथा शेखर चंद्राकर (20 वर्ष) निवासी गढ़वट थाना रतनपुर शामिल हैं।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 12 बीबी 8440 से डिस्क सहित चार नग जेके कंपनी के 9.00 आर-20 साइज के टायर, एक हाइड्रोलिक जैक तथा लोहे का रॉड बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।हिर्री पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button