बिलासपुर

पूर्व सरपंच की खून से लथपथ लाश, गांव में दहशत

(दिलीप जगवानी) : बिलासपुर – सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चोरभट्ठी कला में बीती रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। चोरभट्ठी खुर्द के पूर्व सरपंच मनबोध यादव की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। गुरुवार सुबह उनका शव तालाब की मेढ़ पर खून से लथपथ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई है।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, मनबोध यादव बुधवार रात करीब 8 बजे स्कूटी से घूमने निकले थे। देर रात तक वापस घर नही लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। सुबह उनका शव चोरभट्ठी कला के एक मुर्गा फार्म हाउस के पीछे तालाब की मेढ़ पर मिला। शव की हालत देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

Advertisement

घटनास्थल पर डिस्पोजल ग्लास, शराब की बोतलें और अन्य सामान मिले हैं। आशंका है कि मृतक के साथ मौजूद लोगों ने किसी विवाद में उनकी हत्या की और फरार हो गए। जांच में यह भी सामने आया कि मृतक की स्कूटी उसी तालाब में फेंकी गई है, जिसे निकालने की तैयारी की जा रही है।

सूचना मिलने पर सकरी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और महत्वपूर्ण सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या में कई लोगों की संलिप्तता हो सकती है और हर पहलू पर जांच जारी है। पूर्व सरपंच की निर्मम हत्या से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button