बंदी संजय बघेल मौत मामला: पुलिस ने जारी किए CCTV फुटेज, मारपीट के आरोपों को बताया निराधार

रायगढ़ के बहुचर्चित बंदी संजय बघेल मृत्यु प्रकरण में जिला पुलिस ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर थाना कोतरारोड के सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध साक्ष्य साझा करते हुए दावा किया कि पुलिस अभिरक्षा के दौरान संजय बघेल के साथ किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई।
पुलिस के मुताबिक 10 जून को अवैध महुआ शराब के साथ पकड़े गए संजय बघेल को दोपहर में थाना कोतरारोड लाया गया था। सीसीटीवी फुटेज में उसे सामान्य स्थिति में बैठे, पानी पीते, भोजन करते और परिजनों से बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से लेकर मेडिकल परीक्षण और जेल रवाना किए जाने तक पूरी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई तथा आरोपी ने चिकित्सीय परीक्षण के दौरान किसी चोट या शारीरिक परेशानी की शिकायत भी नहीं की थी।
वहीं मृतक के परिजनों द्वारा पुलिसकर्मियों पर रुपये लेने के लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मामले के जांचकर्ता प्रधान आरक्षक और आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है। शिकायत की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी से कराई जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर मिले चोटों को मृत्यु का कारण नहीं बताया गया है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा एवं अन्य वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की न्यायिक जांच जारी है।




