सूने मकान में लाखों की चोरी, सबूत मिटाने आग लगाने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में चोरी और आगजनी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जय हिंद नगर स्थित एक सूने मकान में चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान चोरी कर लिया। इसके बाद मकान में आग लगने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक मकान मालिक अनिता राजपूत इलाज के सिलसिले में घर से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। पड़ोसियों ने मकान से धुआं उठता देखा तो तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया।
जब मकान मालिक घर पहुंचीं तो आलमारी टूटी हुई मिली और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान गायब था। पुलिस को आशंका है कि चोरी के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से आग लगाई गई हो सकती है। फिलहाल सिरगिट्टी पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।




