जेल बंदी की मौत पर एसएसपी की अपील, न्यायिक जांच पूरी होने तक अफवाहों से बचने की अपील….

रायगढ़। जेल बंदी संजय बघेल की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में रायगढ़ एसएसपी शशिमोहन सिंह ने मीडिया से संयम बरतने और न्यायिक जांच पर भरोसा रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मामले की न्यायिक जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने कहा कि यदि जांच में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या अफवाहों के आधार पर खबर प्रकाशित न करें, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।
मृतक संजय बघेल के शरीर, विशेषकर पीठ पर दिखाई देने वाले निशानों को लेकर उठ रहे सवालों पर एसएसपी ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में फॉरेंसिक विशेषज्ञों से राय ली गई है। विशेषज्ञों के अनुसार ये निशान पोस्ट मॉर्टम लिविडिटी (मृत्यु के बाद शरीर में रक्त जमने से बनने वाले निशान) के हैं। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।
इसके साथ एसएसपी शशिमोहन सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों की राय उनका आधिकारिक बयान नहीं है, क्योंकि न्यायिक जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा और न ही वे इसके लिए अधिकृत हैं। उन्होंने कहा कि यह जानकारी केवल इसलिए साझा की गई है ताकि लोग समझ सकें कि मृत शरीर में वैज्ञानिक कारणों से समय-समय पर कई प्रकार के परिवर्तन होते हैं। उन्होंने मीडिया और आमजन से अपील की कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने या खबर प्रकाशित करने से पहले विशेषज्ञों की राय अवश्य लें। साथ ही जो लोग पुलिस पर पैसे लेने या मारपीट करने जैसे आरोप लगा रहे हैं, उन्हें उन्होंने अपने कार्यालय में आकर उपलब्ध तथ्यात्मक जानकारी साझा करने के लिए आमंत्रित किया है, ताकि जांच को सही दिशा मिल सके और अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचा जा सके।




