छत्तीसगढ़ में मानसून की आहट, मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री अब बेहद करीब है। मौसम विभाग ने अगले 48 से 72 घंटों के भीतर प्रदेश में मानसून के प्रवेश की संभावना जताई है। इसके साथ ही आज से कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं। मौसम में बदलाव के चलते लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कई स्थानों पर बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है।
प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। बस्तर संभाग में लगातार हो रही बारिश को मानसून आगमन का संकेत माना जा रहा है। वहीं शनिवार को राजनांदगांव 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है।




