साइबर ठगी के पैसों की हेराफेरी का खुलासा, 15 म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल बैंक खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम के अवैध लेन-देन में शामिल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना मोहन नगर में दर्ज मामले की जांच गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर शुरू की गई थी। जांच में कोटक महिंद्रा बैंक के कई खातों में संदिग्ध ट्रांजेक्शन पाए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर ठगी से प्राप्त रकम इन खातों में जमा की जाती थी और फिर विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर अवैध आर्थिक लाभ कमाया जाता था। वर्ष 2024 से 2026 के बीच हुए लेन-देन के तकनीकी विश्लेषण और बैंकिंग दस्तावेजों की जांच के बाद 15 खाताधारकों की संलिप्तता सामने आई, जिनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 317(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे जुड़े बैंकिंग दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड जब्त किए हैं। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, मोबाइल नंबर या इंटरनेट बैंकिंग सुविधा किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।




