गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही

अवैध लकड़ी की जांच करने पहुंची महिला वन रक्षक से मारपीट, वर्दी फाड़ी, तीन पर केस दर्ज

(शैलेश सोनी) : जीपीएम जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात एक महिला वन रक्षक के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। अवैध सागौन लकड़ी की जांच करने पहुंची वन रक्षक के साथ कथित तौर पर हाथापाई की गई, उनकी वर्दी फाड़ दी गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार 10 जून की सुबह महिला वन रक्षक गिरिजा कंवर अपने सुरक्षा श्रमिकों के साथ नियमित गश्त पर थीं। इसी दौरान लाटा परिसर के कक्ष क्रमांक 2350 में एक घर के आंगन में सागौन की लकड़ी रखी दिखाई दी। जब वन रक्षक ने लकड़ी के संबंध में पूछताछ शुरू की, तब घर में मौजूद इतवारू भैना, उसकी पत्नी सुमित्रा और सास दयावती से विवाद हो गया।

 

आरोप है कि तीनों ने मिलकर महिला वन रक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और मारपीट की। घटना के दौरान वन रक्षक को जमीन पर पटक दिया गया, जिससे उनकी शासकीय वर्दी फट गई। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उन्हें दोबारा जंगल में अकेले मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

 

घटना के बाद महिला वन रक्षक ने पेंड्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। वन विभाग के कर्मचारियों के साथ हुई इस घटना ने ड्यूटी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button