गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही

स्कूल बसों की जांच में मिली खामियां, बिना परमिट संचालित बस जब्त

(शैलेश सोनी) : गौरेला पेंड्रा मरवाही – नए शिक्षण सत्र के शुरू होने से पहले जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से स्कूल बसों का निरीक्षण किया। हेलीपेड मैदान, गुरुकुल पेंड्रारोड में आयोजित जांच अभियान के दौरान एक बस बिना स्कूल बस परमिट के संचालित पाई गई, जिस पर जब्ती की कार्रवाई की गई। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन और पुलिस अधीक्षक श्री मनोज खिलारी के मार्गदर्शन में यह निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के लिए कुल 18 स्कूल बसें उपस्थित हुईं, जबकि अनुपस्थित बस संचालकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

Advertisement

जांच के दौरान बस क्रमांक सीजी 12 एयू 7042 नियमों के अनुरूप नहीं पाई गई। वाहन में स्कूल बस परमिट नहीं मिलने पर उसे जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया। वहीं निरीक्षण में शामिल 18 बसों में से 4 बसों में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां पाई गईं, जिन पर कुल 6,500 रुपये की राजस्व शास्ति आरोपित कर शमन शुल्क वसूल किया गया। परिवहन विभाग ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों के आवागमन में उपयोग होने वाली स्कूल बसों की समय-समय पर निगरानी करें और किसी भी अनियमितता की जानकारी स्कूल प्रबंधन, पुलिस या आरटीओ कार्यालय को दें। अधिकारियों ने बताया कि बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल बसों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button