अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार; लाखों के जेवर, स्कॉर्पियो और मोबाइल बरामद

(शैलेश सोनी) : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जीपीएम पुलिस ने अंतर्राज्यीय शातिर चोरी गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, स्कॉर्पियो वाहन, मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चोरी की रकम से लग्जरी वाहन और महंगे मोबाइल खरीदे थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। मामलों की जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी मिली, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। जांच में कुल सात मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें कोटमी थाना क्षेत्र की तीन, मरवाही की दो और मध्यप्रदेश के जैतहरी क्षेत्र की एक चोरी की घटना शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 38 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी, चोरी की रकम से खरीदी गई महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल, एप्पल कंपनी के महंगे मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल कटर मशीन, जैक रॉड, हथौड़ी तथा अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बाद रकम से महंगे वाहन और सामान खरीदकर ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहा था।
मामले में परमेश्वर गोस्वामी उर्फ रवि, सूरज गोस्वामी, सुमित गोस्वामी, प्रणय पांडे, विशाल जादव और शरद काटकर को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है। बड़ी बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जिले के लोगों ने राहत की सांस ली है।




