हाथियों ने तोड़ी छात्रावास की दीवार, वायरल वीडियो के बाद निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

(शैलेश सोनी) : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वनमंडल में हाथियों के एक दल ने छात्रावास परिसर की बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। हालांकि दीवार निर्माण में अनियमितता के दावों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल वीडियो में चार हाथियों का दल छात्रावास परिसर की बाउंड्रीवाल को तोड़ता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने दावा किया कि दीवार के कॉलम में पर्याप्त सरिए और छड़ का उपयोग नहीं किया गया था। कई लोगों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। वहीं कुछ यूजर्स ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कहा कि गजराज सरकारी निर्माण कार्यों की पोल खोलकर आगे बढ़ गए।
वन विभाग के मुताबिक हाथियों का यह दल मरवाही वन परिक्षेत्र के गुल्लीडांड बीट स्थित पीएफ-2025 वन तालाब क्षेत्र के जंगलों में विचरण कर रहा है। दल सिवनी परिक्षेत्र के घुसरिया इलाके से मरवाही पहुंचा है और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है। हाथियों ने नवाटोला क्षेत्र में किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है, हालांकि अब तक किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी मकान को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।
वन विभाग ने आशंका जताई है कि हाथियों का दल आने वाले दिनों में नाका, घुसरिया, मरवाही, सचराटोला और सेमरदरी क्षेत्र की ओर बढ़ सकता है। इसे देखते हुए प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने, हाथियों के करीब न पहुंचने और किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल वन अमले को देने की अपील की है। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं।




