ऑपरेशन क्लीन हंट की सफलता, गांजा तस्करी का फरार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस को “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे गांजा तस्कर को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर ओडिशा से गांजा लाकर जिले में सप्लाई करने का आरोप है। पुलिस ने अपराध से अर्जित नकदी भी जब्त की है।
रायगढ़ के सोनकरपारा निवासी 31 वर्षीय सतीश गोरख को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। आरोपी 25 मई को बीड़पारा में पकड़े गए 6.168 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले में फरार था। जांच में सामने आया था कि आरोपी ओडिशा से गांजा खरीदकर अपने साथियों मोहम्मद वसीम और इरशाद खान को बिक्री के लिए उपलब्ध कराता था।
पूछताछ में सतीश गोरख ने कबूल किया कि वह 23 मई को ओडिशा के कनकतुरा से गांजा खरीदकर लाया था और उसे रायगढ़ में सप्लाई किया था। गांजा बिक्री से मिले 30 हजार रुपये में से शेष बचे 2 हजार 750 रुपये पुलिस ने जब्त किए हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।




