घुरू में अवैध प्लाटिंग पर चला निगम का बुलडोजर, 3 एकड़ में किए गए निर्माण ध्वस्त

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर नगर निगम ने घुरू क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। गुरू गौर कॉलोनी और गोकुलधाम क्षेत्र में बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों पर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान करीब 3 एकड़ भूमि पर बनाई गई सड़क, बाउंड्रीवाल और फेंसिंग को तोड़ दिया गया। इसके अलावा निर्माणाधीन दो मकानों को भी निगम के अमले ने जमींदोज कर दिया। निगम अधिकारियों का कहना है कि बिना वैधानिक अनुमति के की जा रही प्लाटिंग के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कार्रवाई के दौरान बिजली के खंभों को भी जब्त किया गया। निगम प्रशासन ने लोगों से अवैध कॉलोनियों में जमीन खरीदने से पहले सभी दस्तावेजों की जांच करने की अपील की है।




