बिलासपुर

सुशासन शिविर पर सियासत तेज: भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, कहा- सस्ती लोकप्रियता के लिए कर रहे हंगामा

बिलासपुर – बेलतरा विधानसभा के ग्राम नगोई में आयोजित सुशासन तिहार शिविर को लेकर शुरू हुई राजनीतिक बयानबाजी अब तेज हो गई है। कांग्रेस द्वारा खाद, बीज, पेयजल संकट, केंद्रीय जेल निर्माण और अवैध खनन जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने के बाद भाजपा जिला ग्रामीण ने पलटवार किया है।

Advertisement

भाजपा जिला ग्रामीण के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा समदरिया ने कहा कि सुशासन शिविर आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगाए जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इन्हें राजनीति का अखाड़ा बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को सोसायटियों के माध्यम से खाद और बीज की आपूर्ति की जा रही है और जहां कहीं भी बाधाएं हैं, उन्हें जल्द दूर कर लिया जाएगा।

प्रणव शर्मा ने नल-जल संकट के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि जल जीवन मिशन में हुए भ्रष्टाचार का खामियाजा आज जनता भुगत रही है। वहीं बैमा में बन रहे केंद्रीय जेल को लेकर उन्होंने कहा कि इसका स्थल चयन और निविदा प्रक्रिया कांग्रेस शासनकाल में हुई थी तथा वर्तमान सरकार उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत निर्माण कार्य आगे बढ़ा रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने अवैध प्लॉटिंग और अवैध खनन के मामलों में भी कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है, जिससे कांग्रेस नेताओं में बेचैनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश में काल्पनिक भय का माहौल बनाकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करना चाहती है, जबकि विष्णुदेव साय सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

Related Articles

Back to top button